अंबिकापुर/सरगुजा क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीद में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महिला कांग्रेस के आह्वान पर जिला महिला कांग्रेस ने स्थानीय घड़ी चौक पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और मंत्री के इस्तीफे के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
9.7 करोड़ के घोटाले का आरोप
महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष सीमा सोनी और ग्रामीण अध्यक्ष अनिमा केरकेट्टा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहीं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की लगभग 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीद में करीब 9.7 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है।
उनका कहना है कि बाजार में 200–250 रुपये में मिलने वाली साड़ियों को 500 रुपये में खरीदा गया। इतना ही नहीं, 6 मीटर की साड़ी के बजाय छोटी साड़ी दी गई, जो उपयोग के योग्य भी नहीं है।
पुराने मामलों पर भी उठे सवाल
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विवादों में आई हैं। इससे पहले भी पेटियों की सप्लाई और खेल सामग्री वितरण में लगभग 40 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोप लग चुके हैं।
ग्रामीण अध्यक्ष अनिमा केरकेट्टा ने कहा कि सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करने वाली मंत्री का लगातार भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरना दुर्भाग्यपूर्ण है।
बर्खास्तगी और जांच की मांग
महिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इतने गंभीर आरोपों को देखते हुए मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

By Roshan Kumar Soni

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *