सूरजपुर
सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सूरजपुर जिले के प्रतापपुर तहसील में पदस्थ पटवारी सौरभ गोस्वामी को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
नामांतरण और नौकरी के बदले मांगी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, यह मामला जमीन अधिग्रहण से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता रूप सिंह, निवासी ग्राम मरहटा, की ग्राम सेन्धोपारा स्थित भूमि महामाया कोयला खदान (जरही) द्वारा अधिग्रहित की गई थी।
पटवारी सौरभ गोस्वामी ने भूमि के नामांतरण और इसके बदले मिलने वाली नौकरी की फाइल आगे बढ़ाने एवं प्रतिवेदन तैयार करने के एवज में 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
ACB ने बिछाया जाल, रंगे हाथों दबोचा
रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रार्थी ने इसकी शिकायत ACB अंबिकापुर में दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात ACB टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई शुरू
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जागरूकता से संभव है बदलाव
इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि आम जनता जागरूक होकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाए, तो सिस्टम में सुधार संभव है।
।

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

