रोशन कुमार सोनी
सूरजपुर न्यूज़ 24×7.in
सूरजपुर। जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरीपारा (खुटरापारा) में गोबरी नदी पर हाल ही में बनाया गया रपटा पुल निर्माण के महज 15 दिनों के भीतर तेज बहाव में बह गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में आवागमन की समस्या एक बार फिर गंभीर हो गई है। निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय करने की मांग को लेकर बुधवार, 23 सितंबर को बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर रेना जमील को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने तत्काल आवागमन बहाल करने, स्थायी पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराने तथा बह चुके रपटा पुल की तकनीकी जांच कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो NH-43 पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम किया जाएगा।
पुराने पुल के टूटने के बाद बनी थी वैकल्पिक व्यवस्था
ग्रामीणों के अनुसार, 30 जून 2025 को गोबरी नदी पर बना मुख्य पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने कई बार शासन-प्रशासन से नए पुल के निर्माण की मांग की। लंबे समय तक समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जनसहयोग से रपटा पुल बनाने का प्रयास किया। बाद में प्रशासन की ओर से रपटा पुल निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की शासकीय स्वीकृति दी गई।
निर्माण के कुछ ही दिनों बाद तेज बहाव में बहा पुल
ग्रामीणों का कहना है कि रपटा पुल बनने से उन्हें आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण पूरा होने के करीब 15 दिन बाद ही नदी में तेज पानी आने से पुल बह गया। इसके चलते स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों, मरीजों और अन्य ग्रामीणों के आवागमन पर असर पड़ा है।
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 7 जुलाई 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भैयाथान को पत्र के माध्यम से संभावित खतरे की जानकारी दी गई थी। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाते तो शायद मौजूदा स्थिति से बचा जा सकता था।
कलेक्टर ने 15 दिनों में काम शुरू कराने का दिया आश्वासन
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 15 दिनों के भीतर धरातल पर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, ग्रामीणों के अनुसार रपटा पुल की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद संबंधित ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगी हुई है। ग्रामीणों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष तत्काल आवागमन बहाल करने, स्थायी पक्के पुल का निर्माण कराने और रपटा पुल के निर्माण की तकनीकी जांच कराने की मांग रखी है। उनका कहना है कि जांच के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
10 दिन में कार्रवाई नहीं तो NH-43 पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने प्रशासन को 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि निर्धारित अवधि में मांगों पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो जनपद सभापति राजू कुमार गुप्ता के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण NH-43 पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन में डुमरिया स्थित विश्वकर्मा ढाबा के पास चक्काजाम किए जाने की चेतावनी भी दी गई है। जनपद सभापति राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार समय पर काम शुरू नहीं हुआ तो वे ग्रामीणों के साथ आंदोलन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान डबरीपारा, बांसापारा और गंगौटी पंचायतों के सरपंच-उपसरपंच सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

