हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पहले मां फिर पिता की मौत; बेसहारा हुए दो मासूम…
सूरजपुर न्यूज़ 24×7.in
विशेष रिपोर्टर ..
रोशन कुमार सोनी
पत्नी की सड़क हादसे में मौत के करीब एक महीने बाद पति का शव फांसी के फंदे पर मिला, कुबेरपुर की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोरा; मौत की वजह अब भी रहस्य
सूरजपुर जिले के बिहारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबेरपुर से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जिस परिवार में करीब एक महीने पहले सड़क हादसे ने खुशियां छीन ली थीं, उस परिवार पर अब एक और ऐसा दुख टूट पड़ा है, जिसने दो मासूम बच्चों का पूरा संसार ही उजाड़ दिया। पहले मां की दर्दनाक मौत हुई और अब पिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। महज एक महीने के भीतर दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले कुबेरपुर में ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने विरोध में चक्काजाम किया था। इसी दौरान क्रेशर में आगजनी की घटना भी सामने आई थी। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया था, जब शिक्षक और तहसीलदार के बीच बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सड़क हादसे के बाद क्षेत्र में लंबे समय तक तनाव और चर्चाओं का माहौल बना रहा।
इसी घटनाक्रम के बीच अब मृत महिला के पति की मौत की खबर सामने आने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि पति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बिहारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
“एक महीने में दोहरी त्रासदी, मासूमों के सामने परवरिश का संकट”
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे दर्दनाक पहलू उन दो मासूम बच्चों की जिंदगी है, जिनकी मां को पहले ही एक सड़क हादसे ने उनसे छीन लिया था। अब पिता की मौत के बाद दोनों बच्चे पूरी तरह माता-पिता के साये से वंचित हो गए हैं। जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता के प्यार, सुरक्षा और मार्गदर्शन की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उस उम्र में उनके सिर से दोनों का साया उठ जाना किसी भी संवेदनशील इंसान को झकझोर देने वाला है। अब इन बच्चों की परवरिश, शिक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
“कई सवाल, जवाब का इंतजार”
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। क्या पूर्व में हुए सड़क हादसे और उसके बाद पैदा हुए हालात का इस घटना से कोई संबंध है अथवा इसके पीछे कोई अन्य व्यक्तिगत या पारिवारिक वजह है? इन सवालों पर अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
कुबेरपुर की यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि उन दो मासूम जिंदगियों का दर्द भी है, जिनका बचपन एक के बाद एक दो बड़े सदमों की भेंट चढ़ गया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन बच्चों के भविष्य और परवरिश की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

