सूरजपुर न्यूज़ 24×7.in..
रोशन सोनी…
सूरजपुर। 8 फरवरी 2026
सूरजपुर जिला अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर के समीप स्थित डैम में मे रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक
हृदयविदारक हादसा हो गया। नहाने गए सात बच्चों में से दो बच्चे गहरे पानी में डूब गए। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन दोनों पानी की गहराई में समा गए।

परिजनों को सूचना, गांव में मचा हड़कंप…
घटना के बाद बच्चों के साथियों ने फोन कॉल के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी। सूचना मिलते ही विश्रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।
अंधेरा और संसाधनों की कमी बनी बाधा…
करीब शाम 5:30 बजे एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा, ठंड का मौसम और सीमित संसाधनों के कारण तलाश में भारी परेशानी आई। काफी प्रयासों के बावजूद रात तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

तलाश अभियान स्थगित, कल फिर चलेगा रेस्क्यू…
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आज का तलाश अभियान स्थगित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार कल सुबह अतिरिक्त संसाधनों और बड़ी टीम के साथ सघन तलाशी अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।
प्रशासन की लापरवाही पर सवाल…
यह डैम पहले भी डूबने की घटनाओं के लिए चर्चा में रहा है, इसके बावजूद डैम क्षेत्र को प्रतिबंधित घोषित नहीं किया गया,
चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए, और कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। लगातार हो रहे हादसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर कर रहे हैं, जिसकी कीमत मासूम जिंदगियां चुका रही हैं।

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

