टईया में मौत बना ट्रक, एक झटके में उजड़ गया परिवार, पति-पत्नी की मौके पर मौत,12 वर्षीय मासूम गंभीर…
रोशन कुमार सोनी
सूरजपुर न्यूज़ 24×7.in
50 मीटर तक घिसटती रही बाइक, सड़क पर बिछ गईं दो लाशें; 12 साल का बच्चा गंभीर
सूरजपुर जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर दर्दनाक हादसे के रूप में सामने आया है। भैयाथान थाना क्षेत्र की चेंद्रा चौकी अंतर्गत ग्राम टईया में
शुक्रवार शाम एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार परिवार को इस कदर कुचला कि पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार 12 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और चालक उसे करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। घटना के बाद से केवरा गांव में शोक की लहर है।
बेटी के घर से लौट रहा था परिवार, रास्ते में काल बनकर आया ट्रक”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम केवरा निवासी देवनाथ बरगाह (55 वर्ष), उनकी पत्नी मनबसिया (49 वर्ष) और 12 वर्षीय आशीष मोटरसाइकिल क्रमांक CG 16 CT 4485 से ग्राम पंचायत टईया में अपनी बेटी-दामाद के घर मूंगफली उखाड़ने के काम से आए थे। दिनभर काम करने के बाद तीनों शाम को अपने गांव केवरा लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे टईया मेन रोड पार करते समय करौटी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक ट्रक में फंसी, 50 मीटर तक घसीटता रहा चालक”
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनबसिया ट्रक की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देवनाथ की मोटरसाइकिल ट्रक में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। इस भीषण हादसे में देवनाथ ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठा 12 वर्षीय आशीष टक्कर के बाद दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मासूम की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर”
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैयाथान पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत और मासूम के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
“ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश”
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही चेंद्रा चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार ट्रक की पहचान कर ली गई है और चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही के गंभीर खतरे को उजागर कर दिया है। जिस परिवार के सदस्य सुबह साथ काम करने निकले थे, शाम होते-होते उनमें से दो की जिंदगी सड़क पर ही खत्म हो गई और एक मासूम अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

