19 Nov 2026, Thu

रजपुर में नशे के कारोबार पर कोर्ट का बड़ा प्रहार! 430 नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़े गए आरोपी को 10 साल की सजा

21 लाख का जुर्माना भी लगा, विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने सुनाया फैसला…

430 नशीले इंजेक्शन की बरामदगी के मामले में एनडीपीएस न्यायालय का सख्त फैसला, एविल के 220 और रेक्सोजेसिक के 210 इंजेक्शन किए गए थे जब्त
सूरजपुर। जिले में नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार के मामले में विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी सुशील दास देवांगन को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 1 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। 13 अक्टूबर 2026 को सुनाए गए इस फैसले में न्यायालय ने गवाहों के बयान, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की थी कार्रवाई
मामला 10 मार्च 2025 का है। थाना झिलमिली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर ग्राम दवना निवासी सुशील दास देवांगन (28 वर्ष), पिता आनंद दास, के कब्जे से कुल 430 नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए थे। इनमें एविल के 220 और रेक्सोजेसिक के 210 इंजेक्शन शामिल थे। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था।
विवेचना के बाद न्यायालय में पेश हुआ आरोप पत्र
प्रकरण की विवेचना एएसआई महेन्द्र सिंह मरावी ने की। उन्होंने मामले से जुड़े साक्ष्यों का संकलन कर न्यायालय में आरोप पत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक रमेश सिंह कुशवाहा ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की।
गवाहों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर फैसला
मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) मानवेन्द्र सिंह की अदालत में हुई। न्यायालय ने गवाहों के बयान, एफएसएल रिपोर्ट तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाया। इसके बाद अदालत ने सुशील दास देवांगन को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 1 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्त संदेश
इस फैसले को जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बड़ी संख्या में नशीले इंजेक्शनों की बरामदगी से जुड़े इस मामले में न्यायालय द्वारा सुनाई गई सजा से स्पष्ट है कि ऐसे मामलों में प्रस्तुत साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर दोष सिद्ध होने पर कठोर दंड दिया जा सकता है।

By Roshan Kumar Soni

रोशन कुमार सोनी SurajpurNews24x7 के मुख्य संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का मैदानी समाचार कवरेज अनुभव है। उन्होंने विभिन्न पत्रकारों के साथ मिलकर स्थानीय और सामाजिक मुद्दों पर कार्य किया है। निष्पक्ष, सटीक और जिम्मेदार पत्रकारिता उनकी पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *